Next Story
Newszop

कुएं से मोटर निकालते समय कीचड़ में फंसे पिता-पुत्र की मौत

Send Push
image

डीग। खेत के कुएं से मोटर निकालने गए एक पिता और बेटे की कीचड़ में फंसने से मौत हो गई। यह हादसा गुरुवार सुबह डीग के कामां गेट क्षेत्र में बरई रोड स्थित एक खेत में हुआ। कीचड़ में पहले पिता फंसे, जिन्हें बचाने की कोशिश में बेटा भी जान गंवा बैठा। दोनों को ढाई घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला जा सका, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

डीग निवासी धर्मसिंह (55) और उनका बेटा बंटी (23) सुबह हुकम सैनी के खेत में पहुंचे थे। उन्हें कुएं की मोटर निकालने के लिए बुलाया गया था। दोनों रस्सी के सहारे कुएं में उतरे, लेकिन नीचे गहराई तक कीचड़ भरा हुआ था। इसी दौरान धर्मसिंह फिसलकर कीचड़ में फंस गए। उन्हें बचाने के लिए बेटा बंटी आगे बढ़ा, लेकिन वह खुद भी कीचड़ में धंस गया। शोर सुनकर खेत मालिक और आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तुरंत पुलिस और डॉक्टरों की टीम को सूचना दी गई। ग्रामीणों ने रस्सी और औजारों की मदद से दोनों को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। धर्मसिंह की शर्ट एक हुक में फंसी, जिससे उन्हें बाद में बाहर निकाला गया। डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में मृत घोषित कर दिया। बंटी केवल अंडरवियर में था, जिससे रेस्क्यू करना मुश्किल हो गया। पुलिस, नगर परिषद की टीम और जेसीबी मशीन की मदद से ढाई घंटे की मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला गया। उसे डीग अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। धर्मसिंह और बंटी दोनों दिहाड़ी मजदूर थे। बंटी दो भाइयों में छोटा था और पिता के साथ मिलकर मजदूरी करता था।

Loving Newspoint? Download the app now