Next Story
Newszop

मुख्यमंत्री जनसेवा सदन का उद्घाटन, सीएम बोलीं-दिल्ली की आत्मा की आवाज होगा

Send Push

नई दिल्ली, 4 जुलाई (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को राज निवास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री जनसेवा सदन का उद्घाटन करते हुए हवन और पूजा-अर्चना की। इस मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता और दिल्ली सरकार के मंत्री, भाजपा सांसद और विधायक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि ‘मुख्यमंत्री जनसेवा सदन’ केवल एक भवन नहीं, यह दिल्ली की आत्मा की आवाज होगा। यह सदन दिल्ली के प्रत्येक नागरिक की चिंता, आशा, सुझाव और समाधान का केंद्र बनेगा। यह भवन जनभागीदारी, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की उस परंपरा का विस्तार है, जिसकी नींव जनता के विश्वास से बनी है। उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों के स्नेह, समर्थन और आशीर्वाद से हमने आज इस जनकल्याणकारी अध्याय की शुरुआत की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसेवा ही मेरे जीवन का धर्म है और दिल्ली की जनता का कल्याण ही मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनसेवा सदन से उठी हर आवाज को उत्तर मिलेगा, हर शिकायत को समाधान और हर नागरिक को सम्मान प्राप्त होगा। इस नई जनसेवा यात्रा में हम सभी एक साथ कदम से कदम मिला कर चलें।

उपराज्यपाल ने इस मौके पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री की इस सोच को दिखाता है कि वे दिल्लीवालों की समस्याओं के प्रति कितनी गंभीर हैं। आने वाले समय में यहां की जनता की समस्याओं और उनकी तकलीफ का समाधान इसी सदन से होगा।

दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री को इस लोककल्याणकारी पहल के लिए ढेरों शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जनसेवा सदन जनता की सेवा में एक प्रभावी माध्यम बनने की उन्होंने कामना की।

दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि ‘जनसेवा सदन’ जनता के लिए अर्पित है। उन्होंने कहा कि जितने में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के ‘शीशमहल’ का एक पर्दा लगा था, उससे कम पैसों में पूरा ‘जनसेवा सदन’ बनकर तैयार हुआ है।

कपिल मिश्रा ने केजरीवाल पर हमला करते हुए कहा कि उन्होंने पिछले 11 साल दरवाजे बंद रखे। भाजपा सरकार की नीयत में पारदर्शिता है, तो पहले दिन ही जनता के लिए दरवाजे खोल दिए हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / धीरेन्द्र यादव

Loving Newspoint? Download the app now