भोपाल/रीवा, 16 जुलाई (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ससुर ब्रह्मादीन यादव का मंगलवार रात निधन हो गया है। उन्होंने यूपी के सुल्तानपुर में विवेकानंद नगर स्थित अपने आवास पर 98 साल की उम्र में अंतिम सांस ली। वे काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। आज (बुधवार को) रीवा में उनका अंतिम संस्कार होगा। जानकारी मिलने के बाद रीवा में स्थानीय बीजेपी नेता उनके आवास पर पहुंच रहे हैं। ब्रह्मादीन यादव के निधन पर एमपी बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने दुख जताया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर अपने शाेक संदेश में लिखा, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पूज्य ससुर जी श्री ब्रह्मानंद यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारजनों के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
संगठन महामंत्री ने दी श्रद्धांजलि
वहीं संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भी श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट कर लिखा, विद्या भारती महाकौशल प्रान्त के संगठन मंत्री रहे श्री ब्रह्मानंद यादव जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। श्री ब्रह्मानंद जी विद्या भारती द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर महाकौशल प्रांत के संगठन मंत्री के रूप में शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिए। ईश्वर पुण्य आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को दुःख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि।
उल्लेखनीय है कि बीती 27 जून की रात ब्रह्मादीन यादव का स्वास्थ्य बिगड़ गया था। उन्हें सांस और पेट से संबंधित बीमारी के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में एडमिट कराया गया था। 30 जून को हालत में सुधार के बाद उन्हें घर ले जाया गया था। 28 जून को उनकी बेटी और सीएम मोहन यादव की पत्नी सीमा यादव अपनी बेटी के साथ उन्हें देखने पहुंची थीं। फिर वे मध्य प्रदेश लौट आई थीं। मंगलवार शाम को अचानक उनका स्वास्थ्य बिगड़ गया। जब तक परिजन उन्हें लेकर हॉस्पिटल पहुंचते, उनकी सांसें थम गईं। इससे पहले साल 2023 में ब्रह्मादीन यादव की पत्नी का निधन हुआ था।
उल्लेखनीय है कि ब्रह्मानंद यादव का जीवन रीवा से गहराई से जुड़ा रहा है। वे करीब 45 वर्षों से रीवा में निवासरत थे और यहीं उन्होंने अपने सामाजिक और पारिवारिक जीवन को आगे बढ़ाया। रीवा को उन्होंने अपनी कर्मभूमि बनाया और यहीं से उन्होंने परिवार को मजबूत नींव दी। ब्रह्मादीन यादव लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े रहे। अपने छात्र जीवन में उन्होंने कई आंदोलनों में भाग लिया था पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्हें घर छोड़ना पड़ा और वे मुंबई चले गए। मूल नाम ब्रह्मानंद था, लेकिन आंदोलन के दौरान पहचान छुपाने के लिए उन्होंने अपना नाम बदलकर ब्रह्मादीन रख लिया।
विदेश दौरे पर हैं मुख्यमंत्री
अभी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सात दिनों की दुबई और स्पेन की यात्रा पर हैं। सीएम के साथ पत्नी सीमा यादव भी विदेश दौरे पर हैं। जिस वक्त उनके ससुर के निधन की खबर आई,उस दौरान सीएम दुबई से स्पेन के लिए रवाना चुके गए थे। स्पेन में सीएम की उद्योगपतियों, निवेशकों, फिल्म निर्माताओं के साथ बैठकें होनी हैं। ऐसे में उनके अंतिम संस्कार में शामिल हो पाने की संभावना कम है।
—————
(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे
You may also like
रायगढ़ पुलिस ने श्री श्याम मंदिर में चोरी हुए आभूषणों की तस्वीरें सार्वजनिक की
अपहरण कर फिरौती मांगने का मामला: युवक बरामद, चार गिरफ्तार
बच्चों के मन में बने पुलिस की बेहतर छवि : पीके सिंह
स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 रैकिंग कल होगी जारी, टॉप 25 में जगह बना सकता ग्रेटर निगम
केंद्रीय मंत्री आठवले ने की महाराष्ट्र में हिंदी भाषियों पर हमले की कड़ी निंदा, कहा जरूरत पड़ी तो देंगे मुंहतोड़ जवाब